आठ अगस्त तक लोगो डिजाइन कर जमा कर सकेंगे डीडीयू व कॉलेजों के विद्यार्थी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के मद्देनजर लोगो प्रतियोगिता को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। चयनित लोगो दीक्षांत से संबंधित हर प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें डीडीयू और संबंद्ध कॉलेजों के छात्र ही प्रतिभाग कर सकेंगे।
लोगो प्रतियोगिता की संयोजक प्रो. सुधा यादव ने बताया कि डीडीयू में लोगो प्रतियोगिता की प्रक्रिया में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को तैयार की गई लोगो के साथ शपथ पत्र भी देना होगा कि उन्होंने कहीं से नकल नहीं की है। कॉपी राइट का उल्लंघन करने की स्थिति में प्रतिभागिता निरस्त कर दी जाएगी। चयनित प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रतिभगियों को अपने डिजाइन निर्धारित साइज में बनाना होगा। डिजाइन में विश्वविद्यालय का आदर्श वाक्य (आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वत:), 44 वां दीक्षांत समारोह और नैक एक्रीडिटेड व सीजीपीए 3.78 लिखना अनिवार्य होगा।