सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए लेना होगा डीडीयू रजिस्ट्रेशन नंबर
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश से संबंधित नियमों में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय परिसर या कॉलेज में प्रवेश के लिए डीडीयूआरएन (डीडीयू रजिस्ट्रेशन नंबर) लेना होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश शासन ने विश्वविद्यालयों और संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूरी करने का निर्देश दिया है।
डीडीयू प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि विश्वविद्यालय या उससे संबद्ध किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल www.dduguadmission.in पर जाकर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी को एक विशिष्ट पंजीकरण संख्या डीडीयूआरएन (डीडीयू रजिस्ट्रेशन नंबर) प्रदान किया जाएगा। जो अभ्यर्थी किसी संबद्ध महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे संबंधित महाविद्यालय में अपने डीडीयूआरएन का उल्लेख करते हुए वहां प्रचलित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन फॉर्म भरेंगे।
प्रो. हर्ष ने बताया कि बिना डीडीयूआरएन के कोई भी महाविद्यालय किसी भी अभ्यर्थी का प्रवेश नहीं करेगा। हर अभ्यर्थी को केवल एक ही पंजीकरण संख्या प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वह एक या एक से अधिक पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकेगा। प्रवेश प्रक्रिया के बाद महाविद्यालयों को समर्थ पोर्टल पर प्रवेशित अभ्यर्थियों का विवरण उनके डीडीयूआरएन के माध्यम से अपलोड करना अनिवार्य होगा।
वर्जन...
विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया में हुए बदलाव के लेकर महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं। समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया को केंद्रीकृत करने से छात्रों को भी बेहतर सुविधा और समान अवसर प्राप्त होंगे।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति