नेचर इंडेक्स ने नवंबर 2023 से 31 अक्तूबर 2024 की अवधि के लिए जारी की रैंकिंग
उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में गोरखपुर विश्वविद्यालय को मिला प्रथम स्थान
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय ने नेचर इंडेक्स रैंकिंग में महत्वपूर्ण जगह बनाई है। एक नवंबर 2023 से 31 अक्तूबर 2024 के लिए जारी रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने भारत के शीर्ष 100 उच्च शिक्षण संस्थानों में 79वां और विश्वविद्यालयों में 30वां स्थान प्राप्त किया है। रैंकिंग अवधि में विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों ने नेचर इंडेक्स जर्नल में कुल तीन शोध पत्र प्रकाशित किए ,जिनमें दो रसायन विज्ञान और एक भौतिकी विज्ञान का है।
रैंकिंग में भारत वैश्विक स्तर पर 9वें और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में चौथे स्थान पर है। गोरखपुर विश्वविद्यालय भारत के 354 उच्च शिक्षण संस्थानों में से शीर्ष 100 में और उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान पर है। देश के 156 उच्च शिक्षण संस्थानों (99 विश्वविद्यालयों सहित) में गोरखपुर विश्वविद्यालय को 79वां और विश्वविद्यालयों में 30वां स्थान मिला है। प्राकृतिक विज्ञान जर्नल समूह 285 उच्च शिक्षण संस्थानों (153 विश्वविद्यालयों सहित) में गोरखपुर विश्वविद्यालय को 102वां और विश्वविद्यालयों में 34वां स्थान प्राप्त हुआ। भौतिकी विज्ञान जर्नल समूह में 151 उच्च शिक्षण संस्थानों (93 विश्वविद्यालयों सहित) में, गोरखपुर विश्वविद्यालय को 93वां और विश्वविद्यालयों में 45वां स्थान मिला है।
50 पेटेंट की तैयारी
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि पिछले शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय ने 40 से अधिक पेटेंट फाइल किए हैं और आगामी महीनों में 50 अतिरिक्त पेटेंट एवं कॉपीराइट फाइल करने की योजना है। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने सीमागो वर्ल्ड रैंकिंग, क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी एशिया रैंकिंग, वेबोमेट्रिक्स रैंकिंग में भी अच्छा स्थान प्राप्त किया है।
-
कोट...
यह सफलता हमारे संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं और छात्रों के कठोर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन ने हमें अनुसंधान संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया है। उनका प्रोत्साहन हमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए सतत प्रयासरत रहने की ऊर्जा देता है।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति