44वें दीक्षांत समारोह के लिए टॉपर्स की अनंतिम सूची जारी, 11 अगस्त तक मांगी गईं आपत्तियां
अंकिता मद्धेशिया बनीं बीए टॉपर, बीएससी में अक्षिता सिंह और बीकॉम में ज्योति टॉपर
गोरखपुर। 25 अगस्त को होने वाले दीक्षांत समारोह के मद्देनजर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की तरफ से सभी विषयों के टॉपर्स की अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। सूची के मुताबिक, 59 में 43 स्वर्ण पदकों पर छात्राओं का कब्जा रहेगा। इस सूची पर छात्र-छात्राएं 11 अगस्त तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अनंतिम श्रेष्ठता सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं सूचना पट्ट पर प्रकाशित कर दी गई है।
डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, सत्र 2024-25 में कुल 59 विभागों के टॉपर्स को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। अनंतिम सूची के मुताबिक, डीडीयू और कॉलेजों के इन विभागों के 59 टॉपर्स में से 43 पर (72.88 प्रतिशत) छात्राओं ने अपना परचम फहराया है।
सूची के मुताबिक, बीए में एमएमएम पीजी कॉलेज, भाटपाररानी की छात्रा अंकिता मद्धेशिया ने 9.14 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बीएससी में सेंट जोसेफ्स कॉलेज फॉर वूमेन की अक्षिता सिंह 8.80 सीजीपीए के साथ टॉपर बनी हैं। बीकॉम में डीडीयू की ज्योति 8.83 सीजीपीए के साथ टॉपर बनी हैं।
-
कॉलेजों से भी निकले विश्वविद्यालय के टॉपर
सत्र 2024-25 में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कुल टॉपर्स में से 17 विद्यार्थी (28.81 प्रतिशत) कॉलेजों के ही हैं। इनमें भी ज्यादातर टॉपर्स ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों से हैं।
शिक्षणेत्तर उपलब्धियों के लिए मुस्कान व अंजली चयनित
शिक्षणेत्तर पाठ्यक्रमों के लिए दो विशिष्ट पदक प्रदान किए जाते हैं। इसके लिए चयनित दोनों छात्राएं डीडीयू कैंपस की हैं। छात्रा मुस्कान जायसवाल को ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ स्वर्ण पदक और भूगोल की शोधार्थी अंजली शुक्ला को महायोगी गुरु गोरक्षनाथ स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
पिछले सत्रों के आठ टॉपर्स को भी स्वर्ण पदक
सत्र 2021-22 के बीपीएड के सत्र में देरी के कारण उसके टॉपर की घोषणा अब तीन साल बाद की गई है। सत्र 2021-22 की टॉपर मोहसिना खातून को बीपीएड टॉपर के रूप में स्वर्ण पदक मिलेगा। इसी तरह एमएससी एग्रीकल्चर के छह पाठ्यक्रमों और एमबीए के सत्र 2023-24 के टॉपर्स को भी इस बार दीक्षांत के मंच से स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
-
हेमा शर्मा को अतुल माहेश्वरी स्मृति स्वर्ण पदक
अनंतिम सूची के मुताबिक, बीए जेएमसी में विश्वविद्यालय की छात्रा हेमा शर्मा ने 8.19 सीजीपीए के टॉप किया है। उन्हें विश्वविद्यालय पदक के साथ ही अमर उजाला की ओर से प्रदान किया जाने वाला ''''अतुल माहेश्वरी स्मृति'''' स्वर्ण पदक भी मिलेगा। पत्रकारिता के प्रति प्रोत्साहन के लिए यह स्मृति पदक वर्ष 2019 से दिया जा रहा है। इस तरह सातवीं बार यह स्मृति पदक स्नातक पत्रकारिता के विद्यार्थी को मिलेगा।