वित्त समिति की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में मंगलवार को वित्त समिति की बैठक हुई। इसमें सत्र 2025-26 के लिए 237 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ।
विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सत्र 2025-26 में शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन पर करीब 100 करोड़ से अधिक का खर्च आने का अनुमान है। नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। नियुक्ति होने पर वेतन का भार और बढ़ेगा। सत्र 2025-26 में वेतन समेत कुल 237 करोड़ रुपये का व्यय होगा। नए इंजीनियरिंग भवन पर 31.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की लैब दीक्षा भवन में बनेगी। मैकेनिकल की कार्यशाला के लिए विश्वविद्यालय की बंद हो चुकी कार्यशाला का जीर्णोद्धार 62 लाख रुपये से होगा। करीब 9.88 करोड़ से विधि विभाग की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। करीब 3.18 करोड़ रुपये खर्च कर प्रशासनिक भवन के पीछे स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र शुरू कराया जाएगा।
वित्त समिति ने हीरक जयंती द्वार बनाए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। यह द्वार एक करोड़ रुपये से बनेगा। दीक्षा भवन के दोनों गेट बंद होंगे। वहां एक ही गेट (हीरक जयंती द्वार) होगा।
-
कोट...
वित्त समिति की बैठक में कुल 237 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। बुनियादी सुविधाओं के लिए कई कार्य किए जाएंगे।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति