एमएड की प्रवेश परीक्षा दो पालियों में दीक्षा भवन में होगी, 420 अभ्यर्थी पंजीकृत
10 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए परिणाम जारी करने की शुरू हुई तैयारियां
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में संचालित प्रवेश परीक्षाओं का 20 जुलाई को समापन हो जाएगा। डीडीयू में यूजी, पीजी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स की करीब 10 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए 4 जुलाई से ही प्रवेश परीक्षाएं चल रही हैं। प्रवेश परीक्षाओं के समापन की ओर बढ़ने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिणाम घोषित करने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
डीडीयूू में रविवार को एमएड में प्रवेश के लिए परीक्षा दो पालियों में दीक्षा भवन में होगी। एमएड में प्रवेश के लिए कुल 420 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। एमएड पाठ्यक्रम का संचालन डीडीयू परिसर के अलावा दिग्विजयनाथ एलटी और सीआरडीए पीजी कॉलेज में होता है। एमएड प्रवेश परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
...
1562 छात्रों ने दी चार विषयों की प्रवेश परीक्षा
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि शनिवार को बीएससी कृषि (ऑनर्स), एमसीए, एमए प्राचीन इतिहास और एमए मनोविज्ञान विषयों की प्रवेश परीक्षाएं हुईं। पहली पाली में बीएससी कृषि की प्रवेश परीक्षा में कुल 1465 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1233 उपस्थित रहे। इस तरह करीब 84 फीसदी अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। एमए प्राचीन इतिहास में 174 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 154, एमसीए में 92 पंजीकृत में से 79 और एमए मनोविज्ञान में 103 में से 96 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
...
सीटों से कम आवेदन वाले विषयों में प्रवेश जारी रहेगा
डीडीयू में कुल 27 पाठ्यक्रमों में सीटों से कम आवेदन आए थे। इसे देखते हुए इन विषयों में बिना परीक्षा के सीधा प्रवेश देने का निर्णय लिया गया था। इन विषयों में प्रवेश के लिए 18 और 19 जून की तिथि निर्धारित की गई थी। बताया जा रहा है कि करीब 60 प्रतिशत से अधिक सीटों पर प्रवेश हो चुका है। सीटों की रिक्तता को देखते हुए इसमें प्रवेश के लिए तिथि विस्तारित कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वे अगले एक हफ्ते तक प्रवेश ले सकते हैं। इन विषयों में प्रवेश के लिए नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में योजना बनाई जा रही है।