कुलपति ने अप्रैल में परीक्षा शुरू कराने के लिए विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
सात मार्च को होगा ''''पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय'''' कार्यक्रम
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में पांच अप्रैल से वार्षिक और 15 से सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू होंगी। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने तैयारियों के लिए परीक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, निदेशक, समन्वयक, एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें पांच से वार्षिक परीक्षा और 15 अप्रैल से स्नातक-परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई। कुलपति ने कहा कि इसी के अनुसार पाठ्यक्रम को पूरा कर लिया जाए। कहा कि पीएचडी में प्रवेश के लिए मूल विषय के साथ किन एलाइड विषयों को सम्मिलित किया जाए। उन्होंने इस पर विचार-विमर्श कर विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विषयों के एलाइड विषयों को बोर्ड ऑफ स्टडीज से अनुमोदित कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
-
शैक्षणिक एवं सामाजिक जागरूकता अभियान
कुलपति ने कहा कि कुलाधिपति के निर्देश के क्रम में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ''''पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय'''' कार्यक्रम का आयोजन सात मार्च को किया जाएगा। इसके अंतर्गत छात्र, शिक्षक एवं अन्य कार्मिक एक साथ अपनी पसंद की पुस्तक का पठन करेंगे। जहां संभव हो, पुस्तक पठन सामूहिक आकृति बनाकर किया जाए। दूसरा ''''दहेज मुक्त भारत एवं नशा मुक्त भारत प्रतिज्ञा कार्यक्रम'''' का आयोजन भी सात मार्च को ही किया जाएगा। इसमें दहेज एवं नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई जाएगी। कहा कि कार्यक्रमों में प्रतिभागियों का नाम, पते एवं मोबाइल नंबर सहित पंजीकरण किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गांवों को भी कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा।