बाघ एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस में चढ़ना हुआ मुश्किल, सीटें फुल, लोग शौचालय के पास बैठकर गए
गोरखपुर। दिवाली में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ अब ट्रेनों में बढ़ने लगी है। बिहार जाने वाली सभी ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रही, यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी मुस्तैद रही और रस्सा लगाकर पहले ट्रेन से यात्रियों को पहले उतारा गया और फिर चढ़ने दिया। इससे अफरा-तफरी नहीं मची। वहीं, एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र के नेतृत्व में ट्रेनों में सघन जांच की गई। डॉग स्क्वॉड टीम के साथ यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई।
शनिवार को दोपहर में आई बिहार जाने वाली बाघ एक्सप्रेस और शहीद एक्सप्रेस में जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन में पहले से भी ज्यादा भीड़ थी। आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म पर रस्सा लगाकर बैरिकेडिंग करते हुए यात्रियों को रोक दिया। जनरल कोच से उतरने वाले यात्रियों को पहले नीचे उतरा गया और फिर लोगों को चढ़ने दिया गया। इससे ट्रेन में चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की नहीं होने पाई। हालांकि, भीड़ ज्यादा होने के चलते लोग शौचालय के पास और सीढ़ी पर बैठकर भी गए।
उधर, एसपी जीआरपी और उनकी टीम ने बिहार जाने वाली पांच ट्रेनों में चेकिंग की गई। इसके बाद प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में जांच की गई। रेलवे प्रशासन की ओर से बनाए गए होल्डिंग एरिया में सन्नाटा पसरा रहा।