बाघ, अवध एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली समेत सभी ट्रेनों में रही भीड़
गोरखपुर। छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को बाघ, वैशाली, अवध और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में इतनी भीड़ रही कि धक्का-मुक्की के बीच कई यात्री कोच तक पहुंच ही नहीं पाए। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने बड़ी मुश्किल से स्थिति को नियंत्रित किया। कई यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके, तो वे स्टेशन से बाहर निकलकर बिहार जाने के लिए अन्य साधन खोजने लगे।
छठ पूजा पर रेलवे की ओर से 100 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने के बावजूद बिहार जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है। स्थिति इतनी गंभीर है कि सैकड़ों लोग ट्रेनों तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं। शुक्रवार को सभी ट्रेनें पूरी तरह भरी रहीं। सबसे अधिक भीड़ काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में दिखी। ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर पहुंची, यात्रियों में चढ़ने की होड़ मच गई। धक्का-मुक्की के बीच यात्री कोच में सवार होते रहे। ट्रेन रवाना होने के समय भी लोग उसमें चढ़ने के लिए दौड़ रहे थे।
आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, सुबह दिल्ली से ललितग्राम जाने वाली वैशाली और दरभंगा जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी पैर रखने की जगह नहीं थी। भीड़ इतनी थी कि यात्री अंदर से पानी भरने के लिए भी उतर नहीं पा रहे थे। दिवाली के बाद अब छठ पूजा को लेकर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है। दिल्ली से आने वाली गोरखधाम, वैशाली, संपर्क क्रांति और अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को पूरी तरह भरी हुई गोरखपुर पहुंचीं। उधर, दिवाली के बाद दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी भारी भीड़ देखी गई।
होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था
रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 25 से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया को मौसमरोधी बनाया गया है, ताकि यात्रियों को ट्रेनों के प्रस्थान से पहले आरामदायक प्रतीक्षा स्थल मिल सके। बिहार के पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी आदि के साथ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया और बनारस जैसे स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गोरखपुर जंक्शन पर लगभग 2500 वर्गमीटर में पांच, छपरा जंक्शन पर 600 वर्गमीटर में दो, सीवान स्टेशन पर 450 वर्गमीटर में दो, बलिया स्टेशन पर 200 वर्गमीटर और बनारस स्टेशन पर 190 वर्गमीटर में एक-एक होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
होल्डिंग एरिया में बैठे यात्रियों को सुनाया गया छठ गीत
छपरा, सीवान समेत महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर रेलवे की तरफ से बजाया जा रहा रहा छठ पूजा का गीत
गोरखपुर। छठ के शुभ अवसर पर भारतीय रेल ने देशभर के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष गीतों का प्रसारण शुरू किया है, जिससे यात्रियों को अपने घर-परिवार और संस्कृति की सुगंध का एहसास हो रहा है। गोरखपुर जंक्शन पर भी इस पहल का असर दिखाई दिया। स्टेशन के होल्डिंग एरिया में कलाकारों ने छठ गीतों पर प्रस्तुति दी, जिसे यात्रियों ने काफी सराहा।
रेलवे प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए यात्रियों की सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया है। स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, आरपीएफ की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर के अलावा पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, नई दिल्ली, आनंद विहार, छपरा, सीवान सहित कई स्टेशनों पर छठ के पारंपरिक गीत बज रहे हैं। रेलवे की यह पहल यात्रियों को न केवल सुविधा दे रही है, बल्कि छठ पूजा की आस्था और पवित्रता को भी सफर के दौरान महसूस करा रही है।