कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के मूसाबार गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने दंपती व उनके बच्चों पर घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
मूसाबार गांव निवासी विमला देवी ने बताया कि गांव के लक्ष्मण के साथ उनका जमीन विवाद दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद लक्ष्मण आए दिन झगड़ा करता रहता है। आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लक्ष्मण, आजाद, सुगंधा और सोहराती समेत अन्य लोग सुनियोजित तरीके से उनके घर में घुस गए। घुसते ही भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। बचाव करने पर भी वे लगातार मारपीट करते रहे। हमले में विमला देवी के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं हैं। साथ ही पति और बच्चों को भी चोटें आई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।