गगहा। थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले में युवती से जबरन शादी का दबाव बनाने और विरोध पर तमंचा दिखाकर धमकाने वाले आरोपी सूरज श्रीवास्तव को गगहा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने केस में आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गगहा थाना क्षेत्र के हाटा बाजार निवासी सूरज श्रीवास्तव मंगलवार को इलाके के एक व्यक्ति के घर में घुस गया। वहां उसने घर की युवती पर शादी का दबाव बनाया। विरोध पर उसने तमंचा लहराकर परिवार को धमकाया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद युवती के पिता ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया। बुधवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को तमंचा और कारतूस के साथ दबोच लिया। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।