नगर निगम में क्यूआर कोड वाले प्रमाणपत्र के बढ़े थे आवेदन
पार्षदों ने भी की थी काउंटर बढ़ाने की मांग
गोरखपुर। नगर निगम में क्यूआर कोड वाले जन्म प्रमाणपत्र के आवेदन जल्द निस्तारित करने के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था कर दी गई है। यहां केवल इसी के आवेदन को लेकर उसे जल्द से जल्द निस्तारित किया जा रहा है।
आधार कार्ड बनवाने के लिए बार कोड वाले जन्म प्रमाणपत्र की जरूरत पड़ रही है। इसकी वजह से पुराने प्रमाणपत्रों को अपडेट करने के लिए लोग आवेदन कर रहे हैं। पांचों जोन मिलाकर रोजाना बार कोड वाले प्रमाणपत्र के लिए करीब 200 आवेदन आ रहे हैं। प्रमाणपत्र में नाम की स्पेलिंग ठीक करवाने के लिए भी करीब 50 आवेदन रोज आ रहे हैं।
इन सबकी वजह से लंबित मामलों की संख्या बढ़ गई थी। एक प्रमाणपत्र को अपडेट करने में एक हफ्ते का समय लग जा रहा था। कार्यकारिणी सदस्य ऋषि मोहन वर्मा, पवन त्रिपाठी सहित भाजपा पार्षदों ने मेयर को ज्ञापन सौंपकर अलग काउंटर की मांग की थी। इसे देखते हुए निगम ने नए काउंटर की व्यवस्था की है। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि प्रमाणपत्र के मामलों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।