बीबीए, बीफार्म व लेटरल एंट्री के लिए आए 1044 आवेदन, आज जारी होगी पहली कटऑफ सूची
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीबीए, बीफार्म, बीटेक लेटरल एंट्री व बीफार्म लेटरल एंट्री में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 25 अगस्त से शुरू होगी। विषयों में सीयूईटी (यूजी) के जरिये प्रवेश होना है। इसके लिए कुल 1044 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रवेश के लिए पहली कट ऑफ लिस्ट 25 जुलाई को सुबह जारी होगी।
एमएमएमयूटी के डीन यूजी व प्रवेश प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि बीबीए की 120 सीटों पर प्रवेश के लिए 242 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। बीफार्म की 60 सीटों के लिए 325 ने आवेदन किया है। बीटेक व बीफार्म में लेटरल एंट्री के जरिये प्रथम वर्ष की कुल सीटों के 10 प्रतिशत पर द्वितीय वर्ष में प्रवेश लिया जाता है। इस तरह बीटेक द्वितीय वर्ष में 103 और बीफार्म द्वितीय वर्ष में 6 सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। बीफार्म लेटरल एंट्री की छह सीटों पर प्रवेश के लिए 5 आवेदन आए हैं। बीटेक में लेटरल एंट्री के जरिये प्रवेश के लिए कुल 472 आवेदन आए हैं। इनमें सर्वाधिक 283 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर साइंस में प्रवेश की इच्छा जताई है। इन विषयों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग 30 जुलाई व तीसरे राउंड की 3 अगस्त से होगी।