पूर्व घोषित परिणामों के लिए काउंसिलिंग शुरू, पहले दिन सात हजार छात्रों ने किया चॉयस लॉक
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एमएड प्रवेश परीक्षा के परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिए गए। एमएड के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग शुक्रवार से शुरू होगी।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर, दिग्विजयनाथ एलटी कॉलेज और चंद्रकांति रमावती देवी आर्य महिला महाविद्यालय की कुल 165 सीटों के लिए कुल 419 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। पूर्व घोषित परिणामों में अब तक सात हजार छात्राें ने चॉयस लॉक कर लिया है। एमएड के अलावा अन्य 43 पाठ्यक्रमों के परीक्षाफल 22 जुलाई को जारी हो चुके हैं और उन पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया भी बृहस्पतिवार से शुरू हो चुकी है।
मोबाइल और ईमेल दोनों पर उपलब्ध है ओटीपी
प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों ने मोबाइल खराब हो जाने से चॉयस लॉक संबंधी ओटीपी न मिलने की समस्या के बारे में मेल किया है। उन्होंने बताया कि ओटीपी मोबाइल के साथ ही अभ्यर्थी के रजिस्टर्ड ईमेल पर भी भेजा जाता है। अभ्यर्थी कहीं से भी अपना ओटीपी प्राप्त कर सकते हैं।