पीपीगंज थाने में दर्ज कराई थी गुमशुदगी
पीपीगंज। कस्बे के सभासद रामानंद मद्देशिया के गायब बेटे का बैग व मोबाइल फोन मंगलवार को मिला। वह दो सितंबर 2024 को घर से निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला तो सभासद ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने लोकेशन निकाला तो एक मछुआरे के पास से बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि मखनहा और मानीराम के बीच बैग व मोबाइल फोन मिला था। बैग फेंक कर मोबाइल रख लिया था।
पीपीगंज नंबर पंचायत के वार्ड नंबर दो के सभासद रामानंद का 19 वर्षीय बेटा रजत दो सितंबर 2024 को संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया। पुलिस ने रजत का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया तो मोबाइल फोन बंद बता रहा था। मंगलवार को अचानक मोबाइल नंबर चालू बताने लगा। पुलिस लोकेशन के आधार पर रोहिन नदी के किनारे पहुंची तो एक मछुआरे के पास फोन मिला। पूछताछ में उसने बताया कि मखनहा और मानीराम के बीच नदी में बहता हुआ उसे बैग मिला था। मोबाइल फोन मिलने के बाद अब पुलिस नए सिरे से जांच शुरु कर दी है। सीएमओ को पत्र लिखकर छह महीने के अंदर मिले शव का डाटा मांगा गया है। हालांकि रजत के पास दो मोबाइल फोन था। अभी एक बरामद हुआ है।