गोरखपुर। नौसड़ में बस स्टैंड के पास नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर बनीं तीन दुकानों पर बुलडोजर चल गया। दुकानदारों ने इसका विरोध किया लेकिन उनकी एक न चली। इन दुकानों के स्थान पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह की अगुवाई में बुधवार को पुलिस बल के साथ नगर निगम ने नौसड़ में बस स्टैंड के पास तीन दुकानें तोड़ दी। पोकलेन, जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची नगर निगम की टीम देख काफी भीड़ जुट गई थी। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने अवैध कब्जाधारियों को चेताया कि वे जल्द से जल्द निगम की जमीन खाली कर दें। नोटिस में दी गई समय सीमा भी बीत चुकी है। जल्द ही नगर निगम अपनी भूमि पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू करेगा। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति बुलडोजर के सामने आकर रोकने की कोशिश करना चाहा लेकिन पुलिस बल ने उसे हटा दिया।
सदर तहसील के राजस्व ग्राम नौसड़ में गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर रोडवेज बस अड्डा के पास नगर निगम की भूमि है। इस पर 47 लोगों ने अवैध निर्माण कर कब्जा कर लिया है। इसमें अधिकांश में काॅमर्शियल गतिविधियां संचालित हो रही हैं। पिछले दिनों राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम गठित कर पैमाइश की गई थी। उसके बाद अवैध कब्जेदारों को नोटिस भी दी गई। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटा। इस बीच सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करने के लिए निगम को भूमि की आवश्यकता थी। उसे अवैध कब्जाधारकों की भूमि उपयुक्त लगी। लिहाजा बुधवार को अभियान चला कर तीन दुकानें तोड़ दी गईं।