गोरखपुर। जनपद में ऑटो रिक्शा को विशेष यूनिक नंबर आवंटित किए गए हैं, जिससे किसी भी समस्या की स्थिति में उनकी पहचान आसानी से की जा सके। इस पहल से ऑटो रिक्शा में छूटा हुआ सामान आसानी से उसके मालिक तक पहुंचाया जा सकेगा और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।
पुलिस लाइंस सभागार में बुधवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का समापन कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव उपस्थित थे। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। यातायात निरीक्षक मनोज राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दो से 16 अक्टूबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाने के निर्देश दिए गए थे। संजय झा ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
कार्यक्रम में कई स्कूलों के छात्रों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन महापौर द्वारा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाकर किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) रामवृक्ष सोनकर, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संजय कुमार झा सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।