गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के लेक व्यू अपार्टमेंट निवासी ठेकेदार विकास सिंह ने पड़ोसियों की अभद्रता से तंग आकर केस दर्ज कराया है। विकास सिंह का आरोप है कि उनके पड़ोसी नीरज सिंह उर्फ विक्की, उनकी पत्नी अर्चना सिंह उर्फ पूजा और परिजन लगातार गालियां व धमकियां दे रहे हैं। इस वजह से उनकी पत्नी नेहा मानसिक तनाव में हैं और आत्महत्या तक की बात कह चुकी हैं।
विकास के मुताबिक, तीन वर्ष पहले जल निगम की ठेकेदारी के दौरान नीरज से जान-पहचान हुई थी। सात सितंबर को वे अपनी मां का इलाज कराने एसजीपीजीआई लखनऊ गए थे, तभी अर्चना ने बार-बार कॉल कर नीरज की मौजूदगी के बारे में पूछा। इनकार करने पर उसने विकास की पत्नी को फोन कर अपमानित किया और धमकी दी कि घर आकर चप्पल से मारेगी। बाद में अर्चना के पिता अनिल सिंह ने भी गालियां दीं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। विकास का कहना है कि उनके पास धमकी भरे कॉलों के प्रमाण मौजूद हैं, उन्हें पुलिस को सौंपा गया है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।