भवन निर्माण से लेकर सजावट में खर्च होंगे पांच करोड़ रुपये
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा के लिए कंप्यूटर सेंटर बनेगा। विश्वविद्यालय ने कार्यदायी संस्था का भी चयन कर लिया है। संस्था जल्द प्रशासनिक भवन के पीछे एक अर्द्धनिर्मित भवन में इसे स्थापित करने का काम शुरू करेगी।
सेंटर में विभिन्न संस्थानों की ऑनलाइन परीक्षा कराकर गोरखपुर विश्वविद्यालय अपनी आमदनी बढ़ाएगा। वातानुकूलित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट सेंटर में 250 विद्यार्थी एक साथ परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए 250 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। उन्हें हाईस्पीड इंटरनेट सेवा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सेंटर में उच्च क्षमता का सर्वर लगाया जाएगा। शुचिता के साथ परीक्षा के आयोजन के लिए इस तरह से सीसी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पूरे भवन की निगरानी की जा सके। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके निर्माण में कुल पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। पीएम ऊषा से इस धनराशि की स्वीकृति विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय को पहले ही प्राप्त हो चुकी है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट सेंटर बनाने को लेकर पूरी योजना बना ली गई है। प्रशासनिक भवन परिसर के एक अर्द्धनिर्मित भवन को पूरा कराकर उसमें सेंटर स्थापित किया जाएगा। कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द इसे लेकर काम शुरू हो जाएगा।