सहजनवां, गोला व बांसगांव एसडीएम को गाटावार सूची तैयार कर भूमि अधिग्रहण में तेजी लाने के दिए निर्देश
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन के लिए सहजनवां, बांसगांव और गोला के गांवों में भूमि अधिग्रहण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। कमिश्नर ने तीनों तहसीलों के एसडीएम को रेलवे के अधिकारियों से समन्वय बनाकर गांवों की सूची गाटावार प्राप्त करने और अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर शुक्रवार को सहजनवां-दोहरीघाट नई रेल लाइन परियोजना के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में देरी हो रही है, इसलिए रेलवे अधिकारियों से अधिग्रहित किए जाने वाले गांवों की सूची हासिल कर लें और इस बारे में सूचित करें।
साथ ही रेलवे के अधिकारियों को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में परियोजना से आच्छादित ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। कहा कि यह परियोजना इस क्षेत्र के विकास को एक नई गति प्रदान करेगी। गोरखपुर से वाराणसी और प्रयागराज जाने के लिए एक नया मार्ग भी उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के निवासियों, उद्यमियों एवं किसानों को नए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
बैठक में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, विशेष कार्याधिकारी गीडा, सहजनवां, खजनी और बांसगांव के एसडीएम, एनईआर के मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।