रामगढ़ताल और शाहपुर थाने में हुक्का बार संचालक समेत अन्य साथियों पर दर्ज किए गए हैं चार केस
रामगढ़ताल थाने का केस कैंट सीओ को होगा ट्रांसफर, शाहपुर थाने में दर्ज केस की जांच करेंगे गोरखनाथ सीओ
गोरखपुर। देह व्यापार केस की जांच अब सीओ करेंगे। शाहपुर में तीन और रामगढ़ताल थाने में एक केस सामूहिक दुष्कर्म और देह व्यापार के मामले में दर्ज है। इसमें 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी तक मामले की जांच थाने स्तर पर हो रही थी। एसएसपी के निर्देश पर अब शाहपुर में दर्ज तीन केस की विवेचना गोरखनाथ सीओ रवि कुमार सिंह करेंगे। रामगढ़ताल थाने में दर्ज केस की विवेचना सीओ कैंट योगेंद्र सिंह करेंगे।
इस केस में जल्द से जल्द आरोपियों को सजा दिलाने का प्रयास पुलिस की तरफ से किया जा रहा है। इसलिए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई है। वहीं देह व्यापार केस में समय से विवेचना पूरी करने के साथ ही अधिक से अधिक साक्ष्य एकत्रित करने की जिम्मेदारी दोनों सीओ को सौंपी गई, ताकि कोर्ट में केस की पैरवी में आरोपी बच नहीं पाएं।
बेतियाहाता की युवती का कोर्ट में कराया जाएगा बयान
बेतियाहाता की 22 साल की युवती ने शाहपुर थाने में रविवार को जबरन देह व्यापार कराने का आरोप लगाते हुए फ्लाई इन होटल के मालिक अनुराग और हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा के साथ उसकी पत्नी रूचि के खिलाफ केस दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने का आरोपियों ने फायदा उठाया। शाहपुर पुलिस अब उसका कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।
बढ़ सकती है आरोपियों की संख्या, जेल भेजी गई रेशमा
इस मामले में चार होटलों के संचालकों और कर्मियों समेत छह लोगों के खिलाफ देह व्यापार कराने का साक्ष्य पुलिस को मिल चुका है। मोहद्दीपुर के एक, एम्स के एक और गीडा क्षेत्र के दो होटलों के संचालकों और कर्मचारियों पर केस दर्ज करने की तैयारी चल रही है। इस मामले में रेशमा खान के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा। देह व्यापार के धंधे में लिप्त सरगना अनिरुद्ध ओझा, फ्लाई इन होटल का मालिक अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर का आकाश यादव, बिछिया के रोहित छेत्री और विनय साहनी, आदित्य मौर्या और निखिल सिंह, बस्ती मुंडेरवा के उमरी अहरा निवासी राजन उर्फ वसीम अहमद, हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के बरवा सरसंड का विमल विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। इधर, रविवार को रेशमा खान, मुस्कान और श्रेय शुक्ला को स्पेशल कोर्ट में पेश कर जेल भिजवाया गया।
यह है मामला
शाहपुर स्थित हुक्का बार में तीन किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। तीनों किशोरियों ने केस दर्ज कराया फिर जांच शुरू हुई तो देह व्यापार का मामला भी सामने आया। पहला केस रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने दो जनवरी को रामगढ़ताल थाने में दर्ज कराया। इसके बाद शाहपुर थाने में कैंपियरगंज की किशोरी ने दस जनवरी और दूसरी देवरिया की किशोरी ने 13 जनवरी को परिवार के साथ पहुंचकर केस दर्ज कराया था। नौ फरवरी को शाहपुर थाने में बेतियाहाता की युवती ने केस दर्ज कराया है।
वर्जनदेह व्यापार केस की विवेचना कैंट सीओ और गोरखनाथ सीओ करेंगे। मामले की जांच चल रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी