सीएम के हाथाें आज सम्मानित होंगे स्वच्छता में मान बढ़ाने वाले सफाईकर्मी व पार्षद
नगर निगम परिसर में बुधवार शाम चार बजे जनसभा को करेंगे संबोधित सीएम
174 योजनाओं का शिलान्यास, तीन योजनाओं का होगा लोकार्पण, नगर निगम ने तैयारियां की पूरी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में पूरे प्रदेश का मान बढ़ाने वाले नगर निगम के सफाई मित्रों और पार्षदों का सम्मानित करेंगे। यह कार्यक्रम नगर निगम परिसर में शाम चार बजे से होगा। इस दौरान सीएम योगी अर्बन फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम सहित 252.50 करोड़ रुपये की 174 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और तीन योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
नगर निगम का पूरा अमला मंगलवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा रहा। शाम तक मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए टेंट भी लगा दिया गया। नगर निगम की दीवारों का रंग-रोगन किया गया। साथ ही अर्बन फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम के कार्यालय का सौंदर्यीकरण देर रात तक चलता रहा।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री बुधवार शाम चार बजे नगर निगम परिसर पहुंचेंगे। यहां सीएम योगी गोरखपुर नगर निगम की अर्बन फ्लड मैनेजमेंट के तहत अर्बन फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना की लागत 28.92 करोड़ रुपये है। इसके तहत शहर के सभी पंपिंग स्टेशनों के पूर्ण ऑटोमेशन किया गया है। प्राइमरी और सेकेंडरी नालों पर कुल 110 ऑटोमेटिक वाटर लेवल रिकॉर्डर लगाए गए हैं। इसके तहत जब नालों का जल स्तर 80 प्रतिशत से अधिक हो जाता है तो संबंधित अधिकारियों को ऑटोमेटेड अलर्ट भेजा जाता है। ईंधन की कमी और पंप रख रखाव की चेतावनी भी अधिकारियों को समय रहते मिल जाती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 10 नए डोर टू डोर कूड़ा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
लोकार्पण की प्रमुख परियोजनाएं :
-सीएंडडीएस यूनिट 42 राज्य वित्त से 2.55 करोड़ से अमवा में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर
- सीएंडडीएस यूनिट 14 की ओर से राज्य स्मार्ट सिटी योजना में निगम परिसर में 2.05 करोड़ रुपये से बनाई गई डिजिटल लाइब्रेरी
- उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय द्वारा पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना में 35.42 करोड़ रुपये से रामगढ़झील सौंदर्यीकरण परियोजना फेज 2 के तहत 1700 मीटर लंबाई में विकसित ताल फ्रंट, नया सवेरा
शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाएं :-
-उपवन योजना के तहत 4.95 करोड़ रुपये की लागत से दो पार्कों का निर्माण
-15.74 करोड़ रुपये की लागत से नव सृजित वार्डों में सड़क, नाली, नाला का निर्माण
-3 करोड़ रुपये की लागत से नव सृजित वार्डों में 7 पार्कों का निर्माण
-सुथनी के वेस्ट प्रोसेसिंग सिटी परिसर में 4.85 करोड़ रुपये से एडमिन ब्लॉक का निर्माण
-सुथनी के वेस्ट प्रोसेसिंग सिटी परिसर में 12.09 करोड़ रुपये से आंतरिक सड़कें, नाला-सीवर का कार्य
-राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 21.20 करोड़ रुपये से जोनल कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर और रानीडीहा का निर्माण कार्य
-26.80 करोड़ रुपये से नेहरु पार्क (लालडिग्गी) का सौंदर्यीकरण कार्य
-मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 24.40 करोड़ रुपये से वर्किंग वुमेन हॉस्टल और वैश्विक कांप्लेक्स एवं को वर्किंग स्पेस का निर्माण
-12.148 करोड़ रुपये की लागत से नकहा ओवरब्रिज मुख्य मार्ग से रामजानकी नगर चौराहा होते हुए हड़हवा फाटक रोड तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सृदृढीकरण का कार्य
-मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित मलिन बस्ती विकास योजना के तहत 60.52 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली निर्माण