आकांक्षी ब्लॉकों में एक युवा को चुना गया है सीएम फेलोशिप योजना के लिए
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश के आकांक्षी जनपदों में चुने गए सीएम फेलो ग्रामीण विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। गोरखपुर के आकांक्षात्मक ब्लाॅक ब्रह्मपुर के सीएम फेलो प्रवीण कुमार राव ने 58 हेक्टेयर का क्लस्टर बनवा कर काला नमक चावल के उत्पादन और निर्यात में वृद्धि दर्ज कराई है।
मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना के तहत संबंधित ब्लॉक या जिले के एक व्यक्ति का चयन किया जाता है, जो मौके पर पहुंचकर अफसरों को प्रोजेक्ट की डीपीआर बताता है। सीएम फेलो ने एफपीओ के सहयोग से कृषि निर्यात नीति 2019 के तहत क्लस्टर बना कर काला नमक चावल के बीज के लिए किसानों को 100 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी दिलवाई। साथ ही एफपीओ के माध्यम से 200 किसानों को 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रबंध किया। इससे क्षेत्र में काला नमक चावल के उत्पादन में वृद्धि के साथ उसके निर्यात से किसानों की आय में लगभग डेढ़ गुना की वृद्धि दर्ज की गई।