शनिवार को जीडीए वीसी व नगर आयुक्त ने किया खोराबार टाउनशिप का का निरीक्षण
गोरखपुर। खोराबार क्षेत्र में कल्याण मंडपम के लोकार्पण कार्यक्रम में सोमवार को जा रहे मुख्यमंत्री वहीं बन रहे खोराबार टाउनशिप का भी निरीक्षण कर सकते हैं। यहां सैंपल फ्लैट और ब्लॉक दो में भी फ्लैट बन चुके हैं। मुख्यमंत्री को सैंपल फ्लैट का निरीक्षण कराने की तैयारी चल रही है। शनिवार को जीडीए वीसी व नगर आयुक्त ने इसका निरीक्षण भी किया।
जीडीए की खोराबार में टाउनशिप योजना के तहत एमआईजी फ्लैटों का निर्माण कार्य चल रहा है। 6.36 एकड़ में बन रहे इन फ्लैटों पर करीब 92 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। पिछले साल 10 अगस्त को निर्माण कार्य शुरू हुआ था और अगले साल फरवरी में इसे पूरा होना है। जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि फ्लैटों के लिए बाउंड्रीवॉल, फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है। ब्लॉक वन में 12 फ्लैटों का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं ब्लॉक टू में निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके अलावा सैंपल फ्लैट का भी निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
इस संबंध में जीडीए वीसी आनंद वर्द्धन ने बताया कि खोराबार टाउनशिप में बन रहे फ्लैटों के भी निरीक्षण की संभावना है। इसके लिए तैयारी की जा रही है।