गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को राजेंद्रनगर स्थित भाटी विहार में बनाए जा रहे मिनी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निरीक्षण करेंगे। 5.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस मिनी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स का 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
सीएम के दौरे की जानकारी पर शुक्रवार रात तक सीएम के निरीक्षण के मद्देनजर प्राधिकरण के मुख्य अभियंता किशन सिंह तैयारियों में जुटे रहे। प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन भी काफी सक्रिय दिखे। तकरीबन दो एकड़ क्षेत्रफल में बन रहे काम्प्लेक्स में एथलीटों के लिए सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, प्रशासनिक भवन, बहुउद्देशीय हाल, वालीबाल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, टेनिस कोर्ट आदि का काम पूरा हो चुका है। मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री शनिवार अपराह्न 4.30 बजे निरीक्षण कर सकते हैं।