शिवपुर चकदहा गांव में मां-बेटी की हत्या का मामला, पुलिस ने खुशबू से आधे घंटे तक की पूछताछ
कमरे की भी ली गई तलाशी, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले
सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के शिवपुर चकदहा गांव में शनिवार देर रात पूनम (45) व अनुष्का (13) (मां-बेटी) की हत्या की कहानी उलझ गई है। बड़ी बेटी खुशबू के बताने पर आरोपी संजय को पुलिस ने हिरासत में लेकर छानबीन की तो उसके घटना में शामिल होने का प्रथमदृष्टया कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। वहीं, पूनम के घर से एक संदिग्ध मोबाइल मिला है, जिसके आधार पर पुलिस ने आस-पास के गांवों के छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
घटना के समय गांव के आस-पास जितने भी मोबाइल सक्रिय मिले हैं, उनकी सीडीआर निकलवाई जा रही है। शिवपुर चकदहा में शनिवार रात करीब पौने दो बजे घर के हॉल में सो रही मां-बेटी की धारदार हथियार से गले व सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतका की बड़ी बेटी ने फोन पर अपनी बुआ व पुलिस को सूचना दी थी।
रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी को मेडिकल कॉलेज भेजा था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। इस मामले में बड़ी बेटी खुशबू के बताने पर गांव के ही पिता-पुत्र समेत पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। सोमवार सुबह डीआईजी आनंद कुलकर्णी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
इसके अलावा स्थानीय पुलिस और एसओजी टीम ने वहां के लोगों से बातचीत की। इसके बाद गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। पूनम की बड़ी बेटी खुशबू से आधे घंटे तक एसओजी टीम ने पूछताछ की। इसके बाद बंगलूरू से आए बड़े बेटे विशाल निषाद का भी बयान लिया। बताया जा रहा है कि छत के रास्ते हमलावर घर के अंदर प्रवेश किए थे। फिर घर की छत पर चढ़कर चारों तरफ रास्तों को देखा, घटना वाले कमरे में भी छानबीन की।
खुशबू के कमरे में भी पुलिस ने जांच पड़ताल की है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच करने के बाद जो निशान मिले हैं, उससे ऐसा लग रहा है कि घटना में तीन लोग शामिल हो सकते हैं। घटना को अंजाम देकर वे घर के पीछे से कूदकर खेत के रास्ते भागे होंगे।
डीवीआर ले गई पुलिस, पति देख रहे थे क्रिकेट मैच
पूनम की बेटी खुशबू की तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में संजय उर्फ शैलेंद्र, उसके पिता सरजू, भाई सुरेंद्र और दो अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है। संजय के पिता और भाई सेना से सेवानिवृत हैं। घर पर सीसीटीवी कैमरा लगा है। संजय की पत्नी रीना देवी का कहना है कि कैमरा लगा है, रात के समय पति को पुलिस घर से लेकर गई है। साथ में डीवीआर भी ले गई है। शनिवार को उनके पति घर पर बैठकर मोबाइल पर मैच देख रहे थे, इसके बाद साथ में ही सब लोग सोए थे। इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच होगी तो सारा सच सामने आ जाएगा।
गांव में तनावपूर्ण माहौल, पीएसी तैनात
गांव में दो जातियों का मामला होने के कारण माहौल तनावपूर्ण है। इसे लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड में है। संजय के परिवार से कोटे को लेकर शिवपुर चकदहा और शिवपुर अतरिया टोले के लोगों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। कोटा हटवाने के लिए कई बार शिकायत भी हो चुकी है। सुरक्षा को लेकर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। घटना के दूसरे दिन गांव में किसी के यहां चूल्हा नहीं जला, पुरुष काम पर नहीं गए। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद भी जेल नहीं भिजवाने से लोग आक्रोशित हैं। वहीं पूनम और अनुष्का की मौत के बाद के हॉल में जहां घटना हुई, वहां ढेर सारा खून जम गया था। सोमवार को घर के सदस्य काफी देर तक उसे साफ करते रहे।
राशन लेने के दौरान संजय से हुई थी दोस्ती, वायरल हो रहा सुलहनामा
गांव से मिली जानकारी के मुताबिक, 12 साल पहले पूनम के पति की मौत हुई थी। संजय के पिता ने कोटा लिया था, वहां राशन लेने पूनम जाती थी। इस दौरान संजय से दोस्ती हो गई। दिसंबर 2024 में पूनम ने चौरीचौरा थाने में संजय के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। आरोप है कि चौरीचौरा पुलिस ने डरा-धमका कर सुलह करा दिया था। सुलहनामा पत्र घटना के बाद अब वायरल हो रहा है। इसमें पूनम ने लिखा है कि किसी के बहकावे में यौन शोषण का आरोप लगाया था। असलीयत यह थी कि संजय ने 50 हजार रुपये लिए थे, जिसे अब उनके खाते में भेज दिया है। इसलिए सुलह कर रही हैं।
छत पर लगवाना था गेट
पूनम के बेटे विशाल निषाद ने बताया कि छत पर गेट लगवाना था। मां से बात हुई तो बोला था कि कुछ दिन में वह रुपये भेज देगा। फिर काम शुरू करा देना। अनुष्का ने कपड़ा और मिठाई भेजने के लिए कहा था। उसने यह भी कहा था कि साइकिल बनवा दो। उससे स्कूल पढ़ने जाएगी। परिवार के लिए जो भी सपने देखते थे, वह अधूरे रह गए।
पूनम और खुशबू में होती थी अनबन
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खुशबू रात के समय मोबाइल से बात करती थी तो पूनम उसे बार-बार टोकती थी। खुशबू भी नाराज होकर जवाब देती थी। संजय के अलावा वर्तमान में गांव के ही किसी व्यक्ति से पूनम की बातचीत शुरू हो गई थी। इसको लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी होती थी। पूनम निषाद अपनी बड़ी बेटी खुशबू निषाद की शादी की बात भी कर रही थी। एक जगह शादी की बात लगभग फाइनल हो गई थी।
कांग्रेस के नेताओं ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, जितेन्द्र पांडेय ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए।
इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
- पुलिस का खोजी कुत्ता टोनी घटनास्थल से दक्षिण पश्चिम दिशा में 300 मीटर तक गया, वहां पर खून के निशान मिले। वहीं आरोपी युवक के घर खोजी कुत्ता नहीं गया?
- घटनास्थल के बगल में पूनम के जेठ और देवर का घर भी है, लेकिन उनको घटना की जानकारी क्यों नहीं हो सकी?
- इतनी बड़ी घटना के बाद आरोपी संजय घर पर ही रुका था। कहीं भागा नहीं, अगर ऐसी प्लानिंग थी तो और कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं?
-
वर्जनइस घटना में कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। संदिग्ध मोबाइल नंबरों का सीडीआर निकलवाया गया है। बहुत जल्द घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी
रो पड़ी अनुष्का की दोस्त
गांव के विनोद निषाद ने बताया कि संजय और पूनम में अच्छी दोस्ती थी। इस वजह से उससे कोई बोलता नहीं था। जयराम निषाद कहना है कि दोनों के बीच संबंध था, वह हमेशा एक दूसरे का सहयोग करते थे। पूनम के घर से पचास मीटर दूरी पर रहने वाली सोना देवी ने बताया कि पूरे परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। पंखा तेज चल रहा था इसलिए बगल से कोई आवाज नहीं आई। पूनम की बेटी अनुष्का कक्षा तीन में पढ़ती थी। उसके साथ स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ने वाली दोस्त अंशिका निषाद उसे यादकर रो पड़ रही थी। उसने बताया कि वह जब लंच नहीं लेकर आती थी, तब उसके ही टिफिन में खाना खाती थी।