पीड़िता की तहरीर पर खजनी थाने में दर्ज किया गया केस
आरोपी घर छोड़कर भागा, रिश्तेदारों के घर भी तलाश में पहुंची पुलिस
उनवल। खजनी इलाके के एक गांव की रहने वाली युवती से दुष्कर्म की कोशिश व जबरन मांग भरने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज कर लिया। इसके बाद से ही आरोपी घर छोड़कर भाग गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, खजनी इलाके में रहने वाली 22 वर्षीय युवती बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि रविवार को उसके पट्टीदारी में शादी थी, उसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार गया था। वह घर पर अकेले ही पढ़ाई कर रही थी तभी गांव का युवक उसके घर में घुस गया। आते ही छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर जमीन पर गिरा दिया और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। शोर मचाने पर गले पर चाकू लगाकर उसने पाॅकेट से सिंदूर निकालकर मांग में भर दिया।
एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। तलाश में पुलिस टीमें लगी है, बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।