कैंट पुलिस की जांच में पर्दाफाश, रामगढ़ताल थाने में केस दर्ज
गोरखपुर। पासपोर्ट बनवाने में फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक ही व्यक्ति ने नाम और जन्मतिथि बदलकर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए। कैंट पुलिस की जांच में मामला उजागर होने के बाद एसएसपी के आदेश पर रामगढ़ताल थाने में आरोपी शरद यादव के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ से मिले पत्र के आधार पर कैंट थाना में तैनात दरोगा आशीष कुमार दुबे ने जांच की। जांच में यह पाया गया कि न्यू शिवपुरी कॉलोनी, इंद्रानगर कैंट निवासी शरद यादव ने पहले अपने नाम का पासपोर्ट बनवाया था। जो वर्तमान में रामगढ़ताल थानाक्षेत्र में रहता है। इसके बाद उसने नाम और जन्मतिथि में बदलाव कर सर्वेश यादव के नाम से, जन्मतिथि 01 जनवरी 1989 के नाम से दूसरा पासपोर्ट जारी करा लिया। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि दोनों पासपोर्ट धारक वास्तव में एक ही व्यक्ति हैं। जबकि शरद यादव मूलरूप से बड़हलगंज थानाक्षेत्र के पिपपडाड़ी का रहने वाला है। कैंट पुलिस ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी राज करन नय्यर और एसपी सुरक्षा/नोडल अधिकारी पासपोर्ट को भेजी। रिपोर्ट में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़े की धाराओं में केस दर्ज करने की संस्तुति की गई।
एसएसपी के आदेश पर रामगढ़ताल थाने में मामला पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है। थानाप्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने यह फर्जीवाड़ा किसी विशेष उद्देश्य या लाभ के लिए किया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।