गोरखपुर। सहायक विकास अधिकारी कृषि ने एक व्यक्ति पर गोदाम से बिना अंगूठा लगाए गेहूं का बीज मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एडीओ कृषि अशोक कुमार गिरि ने आरोप लगाया कि 28 अक्तूबर को शेड्यूल के मुताबिक सुबह नौ बजे भटहट गोदाम खोलकर बीज के लिए पहुंचे किसानों का आधार कार्ड लेकर ई-पॉश मशीन से बीज वितरण शुरू किया, लेकिन मशीन नहीं चली। दोबारा मशीन चली तो दो किसानों को बीज दिया गया था। एडीओ कृषि का आरोप है कि लगभग तीन बजे पिपराइच थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी जयनरायन राय आए और कुर्सी खींच कर बैठ गए। बिना अंगूठा लगाए पांच बोरी बीज मांगने लगे।
उधर जयनरायन राय का कहना है कि किसानों ने गेहूं के बीज का अधिक दाम वसूलने की शिकायत की थी। किसानों के साथ वे गोदाम पर गए थे। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल जिला कृषि अधिकारी एवं सीडीओ को फोन पर दे दी थी। इसके साथ ही पांच अक्तूबर को उन्होंने कमिश्नर एवं सीडीओ को पत्र देकर जांच कार्यवाही की मांग की। शिकायत पर अधिकारियों द्वारा अभी जांच चल रही है। उन्होंने एडीओ कृषि के खिलाफ पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।