चचेरे भाई की शिकायत पर हुई जांच में आरोप की पुष्टि के बाद सिपाही के खिलाफ कैंट थाने में दर्ज कराया गया केस
देवरिया बढ़ौना हरदो निवासी युवक का वर्ष 2006 में हुआ था पुलिस में चयन
गोरखपुर।
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पर नौकरी हासिल करने वाले जीआरपी के कांस्टेबल पर कैंट थाने में जालसाजी का केस दर्ज किया गया है। चचेरे भाई की शिकायत पर विभाग की गोपनीय जांच में मामले की पुष्टि के बाद एसपी जीआरपी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया जिले के बढ़ौना हरदो गांव निवासी हिमांशु उपाध्याय ने करीब एक साल पहले एसपी जीआरपी से अपने चचेरे भाई सुशील कुमार उपाध्याय के खिलाफ फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायत की थी। शिकायत पत्र में लिखा था कि सुशील ने कई बार जन्मतिथि बदलकर हाई स्कूल की परीक्षा पास की है। साथ ही परिवार रजिस्टर में भी जन्मतिथि में फेरबदल की है। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर ही उसने 2006 में उत्तर प्रदेश पुलिस में नियुक्ति पाई और अभी जीआरपी में तैनात है। हिमांशु ने सुशील की हाईस्कूल की तीन जन्मतिथि वाली मार्कशीट, परिवार रजिस्टर की दो जन्मतिथि की छाया प्रति भी दी। शिकायत पर एसपी जीआरपी ने जांच के निर्देश दिए। गोपनीय विभागीय जांच में सुशील द्वारा गलत जन्मतिथि इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसपी ने पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दिया।
कैंट थाने में आरोपी सिपाही पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कैंट थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।