पिपराइच थाना क्षेत्र की घटना, तीन की हालत गंभीर
पिपराइच। गोरखपुर-कप्तानगंज मार्ग पर पतरा गांव के फकिराना टोला के पास सोमवार शाम 6:30 बजे खड़े ट्रक से निजी बस टकरा गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए। इसमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पिपराइच सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात से सड़क पर सामान लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण खड़ा था। सोमवार शाम गोरखपुर से सवारियों से भरी बस पतरा की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठे कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। घायलों को पतरा स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेडिकल कॉलेज भिजवाया। तीन गंभीर घायलों में अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम भलूही निवासी 34 वर्षीय विवेकानंद, मठिया बोदरवार के श्रीनाथ (55) और दुर्विजय (60) शामिल हैं। तीनों को सिर में चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि जेसीबी की मदद से बस को सड़क से किनारे कर आवागमन बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।