तीन महीने से जलभराव के कारण विद्यार्थियों व मरीजों को हो रही समस्या
गोरखपुर। बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के 500 बेड चाइल्ड वार्ड के पीछे वाली सड़क पर सीवर का पानी पिछले तीन महीने से भरा हुआ है। इससे छात्र-छात्राओं तथा मरीजों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने बताया कि सीवर के पानी को बाहर निकलने का कोई रास्ता न होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है।
मेडिकल कॉलेज में आए राजेश ने बताया कि 15 दिनों से अपने बच्चे का इलाज कराने आ रहे हैं। वह जब-जब यहां आते हैं, हर बार सड़क पर पानी भरा हुआ रहता है। अस्पताल प्रशासन को इस गंदे नाले के पानी को बाहर निकालने की व्यवस्था करनी चाहिए। वहीं सीमा सिंह ने बताया कि यहां पर गंदा पानी कई महीने से जमा हुआ है लेकिन इसे बाहर निकालने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने खुद कई बार इसे लेकर शिकायत की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इस संबंध में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि जल भराव से गंदगी हो गई है बहुत ही जल्द इसकी साफ-सफाई करवा दी जाएगी।