ब्रेल नेविगेशन मानचित्र को स्पर्श कर कोच की स्थिति और शौचालय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे दिव्यांग
अलग से बनेगा रैंप, स्पर्शनीय टाइल भी लगाई जाएंगी, रेलवे महाप्रबंधक ने दिए निर्देश
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे की सभी ट्रेनों के कोच के भीतर और फाटक के हैंडिल पर ब्रेल साइनेज लगाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर जाने वाले प्रवेश द्वार, लिफ्ट और एस्केलेटर पर भी ब्रेल साइनेज रहेंगे। इसे स्पर्श करके दृष्टिबाधित यात्री प्लेटफॉर्म तक आसानी से पहुंच जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगों के लिए स्टेशनों पर रैंप बनाए जाएंगे और स्पर्शनीय टाइल भी लगाई जाएंगी।
रेलवे स्टेशनों पर दृष्टिबाधित यात्रियों को प्लेटफॉर्म और कोच ढूंढने में बहुत परेशानी होती है। आमतौर पर रेलवे स्टेशन पर यात्री पूछताछ केंद्र से जानकारी लेते हैं लेकिन जिन यात्रियों को बोलने या देखने में कठिनाई होती है, वे परेशान हो जाते हैं। जगह-जगह ब्रेल साइनेज होने से दिव्यांगों के लिए सहूलियत होगी। वे स्पर्श के जरिये जरूरी जानकारी ले सकेंगे। रेलवे बोर्ड के निर्देश के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय वोडवरकर ने इस संबंध में मुख्यालय और तीनों मंडलों लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
दिव्यांगों के लिए बनेगी अलग पार्किंग
रेलवे स्टेशनों पर गाड़ी खड़ा करने के लिए दिव्यांगों के लिए अलग से पार्किंग स्थल बनेगा। वहां रैंप होगा और उसके कलर पेंट किए जाएंगे ताकि दूर से ही दिख सके।
वर्जन
दिव्यांग यात्रियों के लिए दी जा रही सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। कोच के फुट स्टेप के किनारे पर अलग-अलग रंगों से पेंट किया जाएगा। कोच के एंट्रेंस पर ब्रेल लिपि में कोच नंबर लिखने का भी दिशा-निर्देश दिया गया है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर