गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा डुमरी के हथियारपास टोला निवासी आनंद कुमार शुक्ला (35) का शव शनिवार रात रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियाघर के पास मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे घर से निकले आनंद के देर रात तक घर न लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए थे। थाना प्रभारी खोराबार इत्यानंद पांडेय ने बताया कि परिजनों की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। इस बीच रामगढ़ताल थाना पुलिस को चिड़ियाघर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी। रविवार शाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त आनंद कुमार शुक्ला के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।