गोला थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
जानीपुर/राजगढ़। गोला थाना क्षेत्र के राजगढ़ निवासी रेलवे कर्मी हरेंद्र यादव की बेटी कीर्ति कुमारी (17) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार शाम को उसका शव पंखे के कुंडे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। पड़ोसियाें ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे कर्मी हरेंद्र यादव की छोटी बेटी कीर्ति अभ्युदय इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। थानाप्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि हरेंद्र का पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। जबकि कीर्ति घर में अकेले थी। देर शाम जब उसका भाई घर पहुंचा तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने के बाद भी भीतर से कोई आहट न मिलने पर भाई ने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियो रिकाॅर्डिंग के साथ शव को फंदे से नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए। उस दौरान ग्रामीणों ने पिता के शहर से आने के बाद शव ले जाने की बात कही। इसके बाद टीम वापस लौट गई। बृहस्पतिवार को छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।