निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर कसा तंज, बोले-भाग रहे सहयोगी, घबरा रही भाजपा
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर किया स्वागत
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार हिंदू और मुस्लिमों के बीच नफरत फैला रही है। धर्म-जाति में फंसा कर देश के लोगों को बांट रही है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि सहयोगी भाग रहे हैं, इससे भाजपा घबरा रही है। इसलिए उसके नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं।
बृहस्पतिवार की शाम गोरखपुर पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। संभल हिंसा पर पेश की गई रिपोर्ट पर श्यामलाल ने कहा कि डबल इंजन सरकार धर्म-जाति में फंसा कर देश के लोगों को बांट रही है। यही करके वह सत्ता में आई है और आज भी यही कर रही है। संभल की घटना एक सांप्रदायिक घटना है, वहां पहले हिंदू-मुस्लिम एक थे और जबसे डबल इंजन की सरकार ने खुदाई करना शुरू किया है तबसे इस तरीके की घटनाएं सामने आने लगी हैं। विधायक पूजा पाल पर हुई कार्रवाई पर कहा कि जब उन्होंने राज्यसभा सांसद के चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी तब भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। वे लगातार पार्टी विरोधी काम कर रही थीं, तब उन पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूदा सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, जिससे 2027 में पीडीए की सरकार बन सके।
इससे पहले सपा प्रदेश अध्यक्ष शाम को पार्टी कार्यालय पर पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहां से वे धर्मशाला स्थित ''''तिवारी हाता'''' पहुंचे। वहां विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय, पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी व पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने उनका स्वागत किया गया। वहां से वह कैंपियरगंज के लिए रवाना हो गए। वे शुक्रवार को महराजगंज में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, डॉ. मोहसिन खान, प्रहलाद यादव, प्रो. रजनीकांत पांडेय, प्रो. चितरंजन मिश्र, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, जियाउल इस्लाम, रुपावती बेलदार, मनुरोजन यादव, जफर अमीन डक्कू, मिर्जा कादिर बेग, शहाब अंसारी, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, सिंहासन यादव, राघवेंद्र तिवारी ''''राजू'''' आदि शामिल रहे।