कैंपियरगंज। क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर सोमवार सुबह बाइक-स्कूटी आमने-सामने टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय नीतिश की मौत हो गई। जबकि उसके साथी व स्कूटी सवार को हल्की चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार, वंभगलपुर निवासी नीतिश यादव (18) अपने साथी आदित्य यादव (18) के साथ राजकीय इंटर कॉलेज सोनौरा में छमाही परीक्षा देने जा रहा था। जैसे ही दोनों की बाइक शिवपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही स्कूटी से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नीतिश के सीने और गले में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे कैंपियरगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में आदित्य यादव और स्कूटी सवार दोनों को हल्की चोटें आईं। परिजनों के अनुसार, नीतिश पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह कक्षा 11वीं का छात्र था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।