कैंट क्षेत्र की घटना, बाइक से जा रहे थे दंपती, अज्ञात बदमाशों पर केस
कैंट पुलिस सीसीटीवी कैमरे से कर रही पहचान
गोरखपुर। कैंट इलाके के सरदार तिराहे पर बुधवार रात 8:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस कर्मी की पत्नी का पर्स छीनकर भाग गए। पीड़िता अपने पति के साथ मायके से मोहरीपुर स्थित ससुराल जा रही थी। घटना के बाद पुलिस अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर सीसी कैमरे के फुटेज से मामले की जांच कर रही है।
कुनराघाट झरना टोला के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार बस्ती में पुलिस विभाग में दीवान हैं। इनकी पत्नी सरीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मायके से ससुराल जा रही थीं। कैंट थाना के सरदार तिराहे पर पहुंचने वाले थे कि पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने कंधे से लटक रहे पर्स को झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग गए।
उनके पर्स में सोने की चेन, दो अंगूठी, सिम लगा एक मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकदी, तीन एटीएम कार्ड, वोटर आईडी समेत अन्य कागजात रखे हुए थे। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल पर लगे सीसी कैमरे से बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।