कैंपियरगंज इलाके में शुक्रवार रात हुई वारदात, पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध
कैंपियरगंज। थानाक्षेत्र के हाईवे पर हरनाथपुर चौराहे के पास शुक्रवार देर रात नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर युवक से 20 हजार रुपये व सोने की अंगूठी लूट ली। पीड़ित ने कैंपियरगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है। हालांकि वह घटना को संदिग्ध मान रही है।
आलमचक गांव निवासी वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को वह निजी काम से फरेंदा गए हुए थे। वापसी में रात 9 बजे वह हाईवे स्थित हरनाथपुर चौराहे के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते बाइक की पिछली सीट पर बैठा एक युवक उनके पास पहुंचा। वहीं दूसरा पीछे से असलहा सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए पहले उनकी अंगूठी निकाल ली। इसके बाद बाइक की डिकी में रखा 20 हजार रुपया लेकर भाग गए। थानाप्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।