45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और 45 रेलकर्मी स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024 पुरस्कार से नवाजे गए
ए श्रेणी स्टेशन में बनारस, बी श्रेणी में लालकुआं और डी श्रेणी में ऐशबाग स्टेशन स्वच्छता पुरस्कार मिला
सबसे ज्यादा शील्ड बनारस मंडल को 12, लखनऊ मंडल को 10 और इज्जतनगर मंडल को छह मिले
रेलवे प्रेक्षागृह में महाप्रबंधक ने प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में किया सम्मानित
गोरखपुर। रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत रेलवे प्रेक्षागृह में मंगलवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन के लिए ए-1 व ए श्रेणी में बनारस, बी श्रेणी में लालकुआं और डी एवं ई श्रेणी में ऐशबाग स्टेशन तथा सर्वाधिक व्यवस्थित एवं साफ-सुथरी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस को चुना गया। सबसे ज्यादा शील्ड बनारस मंडल को 12, लखनऊ मंडल को 10 और इज्जतनगर मंडल को 6 मिले हैं।
एनईआर में बेहतर कार्य के लिए मुख्यालय एवं मंडलों के 45 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने ''''स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024'''' पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार पाने वालों में ट्रैक मेंटेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, लिपिक, विभिन्न विभागों के निरीक्षक एवं सेक्शन इंजीनियर, चिकित्साकर्मी तथा अधिकारी शामिल हैं। इनके प्रयास से रेल हादसे बचे हैं और ट्रेनों को समय से चलाने में मदद मिली है। इसके अलावा सर्वोत्तम सवारी माल डिब्बा डिपो शील्ड मऊ डिपो को, स्वच्छता वाणिज्य कार्य कुशलता शील्ड इज्जतनगर एवं वाराणसी मंडल को संयुक्त रूप से, सर्वोत्तम व्यवस्थित कोचिंग डिपो का शील्ड कासगंज को, सर्वोत्तम व्यवस्थित स्टेशन के लिए इज्जतनगर को प्रथम एवं मैलानी स्टेशन को द्वितीय पुरस्कार के तौर पर महाप्रबंधक ने शील्ड प्रदान किया। सर्वोत्तम व्यवस्थित रनिंग रूम के लिए सीतापुर रनिंग रूम और सर्वोत्तम व्यवस्थित कार्यालय के लिए गोरखपुर मुख्यालय स्थित प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय को चुना गया।
महाप्रबंधक ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी के प्रयासों एवं उत्कृष्ट कार्यों से रेलवे की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, उत्पादकता बढ़ी है तथा रेल संरक्षा के नए मानदंड स्थापित हुए हैं। रेल यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के झूसी एवं प्रयागराज रामबाग सहित प्रयागराज क्षेत्र में स्टेशनों पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। महाकुम्भ में पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से होकर प्रयागराज क्षेत्र के लिए 3,000 से अधिक नियमित एवं मेला विशेष ट्रेनें चलाई गईं। इस वित्त वर्ष में माह जनवरी तक इस रेलवे पर यात्री संख्या में गत वर्ष की तुलना में 18.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम का संचालन मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने किया। पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों की ओर से मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष हेमलता सिंह, अपर महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष, तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबन्धक, वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे
-
कार्यकुशलता शील्ड पाने वाले एनईआर के मंडल कार्यालय
अंतरमंडलीय कार्यकुशलता शील्ड के अन्तर्गत वाराणसी एवं लखनऊ मंडल को संयुक्त रूप से सर्वांगीण कार्यकुशलता शील्ड प्रदान किया। इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक ने वाराणसी मंडल को संरक्षा, यांत्रिक (सवारी/माल डिब्बा), इंजीनियरिंग, वाणिज्य, चिकित्सा, सुरक्षा, राजभाषा एवं जनसंपर्क कार्यकुशलता शील्ड प्रदान किया। वाराणसी मंडल को सर्वोत्तम नवोन्मेषी मंडल शील्ड, परिचालन, कार्मिक एवं सिग्नल कार्यकुशलता शील्ड लखनऊ तथा वाराणसी मंडल को संयुक्त रूप से मिला। इज्जतनगर मंडल को फ्यूल सेविंग, नागरिक केंद्रित सेवा दक्षता शील्ड एवं सर्वोत्तम लोको अनुरक्षण शील्ड, सौर ऊर्जा उत्पादन शील्ड इज्जतनगर एवं वाराणसी मंडल को तथा दूर संचार कार्यकुशलता शील्ड इज्जतनगर एवं लखनऊ मंडल को संयुक्त रूप से दिया गया। लखनऊ मंडल को लोको परिचालन, विद्युत, कर्षण वितरण, लेखा एवं भंडार की कार्यकुशलता शील्ड प्रदान किया गया।