जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने इस रोड पर लगाया है प्रतिबंधित
गोरखपुर। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस की ओर से बेतियाहाता चौराहे से हनुमान मंदिर तिराहे के बीच ऑटो, ई-रिक्शा को प्रतिबंधित किया गया है। सोमवार को हनुमान मंदिर की तरफ से ऑटो, ई-रिक्शा रोके जा रहे थे। लेकिन बेतियाहाता चौराहे की तरफ से हनुमान मंदिर की तरफ ऑटो और ई-रिक्शा आने से जाम देखने को मिला।
अपराह्न लगभग 3:30 के आसपास हनुमान मंदिर से बेतियाहाता की तरफ ऑटो, ई-रिक्शा नहीं जा रहे थे। केवल इमरजेंसी के लिए जा रहे चालकों को वाहन लेकर जाने दिया गया। इससे इस तरफ से जाम नहीं मिला। वहीं बेतियाहाता चौराहे की तरफ से ऑटो चालकों को प्रवेश करने में कोई रोक-टोक नहीं थी। इससे दो सौ मीटर के बाद जाम लग गया। कुछ देर तक वाहनों के रेंगने के बाद जाम से निजात मिली।
बेतियाहाता में आधार सेंटर पर बच्ची के आधार में संशोधन कराने आए संतोष तिवारी ने बताया कि यहां हमेशा जाम लग जाता है। यहां पर अतिक्रमण भी ज्यादा है जिससे वाहनों को आगे बढ़ने में परेशानी होती है। वहीं निजी वाहन से हनुमान मंदिर की तरफ जा रहे अनिल ने बताया कि इस रोड पर या तो ऑटो, ई-रिक्शा को पूरी तरह प्रतिबंधित करें या तो इस सड़क पर अतिक्रमण को समाप्त करें तभी यहां से जाम की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। बता दें कि बेतियाहाता में दोनों तरफ से सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।