गोरखपुर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की गई। चीखने पर भीड़ ने युवकों को पीट दिया। खोराबार के दोस्त के बुलाने पर किशोरी मिलने गई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गोरखपुर के खोराबार इलाके में दोस्त के बुलाने पर गई किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया। किशोरी से उसके दोस्त समेत चार युवकों ने दुष्कर्म की कोशिश की, इसी समय भीड़ आ गई। दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
विज्ञापन
इसमें घायल प्रेमी और उसके दोस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, किशोरी का भी पुलिस मेडिकल करा रही है। खोराबार पुलिस का कहना है कि दो घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार इलाके के डोलबजवा गांव के बंधे के पास शुक्रवार शाम करीब छह बजे घटना हुई। किशोरी से शिवम गुप्ता नाम के युवक से बातचीत होती थी। उसने बातों में उलझा कर किशोरी को शुक्रवार को मिलने के लिए बुलाया था। वहां पर उसके तीन दोस्त पहले से मौजूद थे।
विज्ञापन
आरोप है कि चार युवकों को देखकर किशोरी घबरा गई और फिर सभी ने मिलकर किशोरी का मुंह दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। सभी उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश करने लगे, तभी उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पड़ गई।
किशोरी को बचाने के साथ ही आरोपियों को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। शुभम और उसके दोस्त पंकज यादव को मौके पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट होता देखकर एक ग्रामीण ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी।
सूचना पर खोराबार थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। किशोरी को भी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पर उसने दुष्कर्म की बात इन्कार करते हुए छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों के नाम बताए हैं।
दो माह से दोस्त से होती थी बात, आरोपियों ने किया था बैड टच
गोरखपुर के खोराबार की किशोरी की दो माह पहले शिवम गुप्ता से दोस्ती हुई थी। कुछ ही दिनों में नजदीकियां बढ़ गई थीं। शिवम के बुलाने पर दो बजे किशोरी आई थी। वह उसे राप्ती नदी के किनारे ले गया। वहां तीन और युवक आ गए और किशोरी से छेड़खानी की।
शिवम ने बंधे पर ही किशोरी को छोड़ दिया था। किशोरी के मुताबिक, उसने कहा था कि, यहीं रुको अभी आ रहा हूं। इसके बाद रामनगर करजहां के तीन युवक पहुंचे और किशोरी से छेड़खानी करने लगे। शिवम आया तो उसे खींचकर दूसरी तरफ लेकर चले गए।
किशोरी का कहना है कि तीनों युवकों ने कुछ सुंघाकर उसे अचेत कर दिया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश कर रहे थे, इस दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ी और चिल्लाना शुरू किया। किशोरी ने बताया है कि रामनगर करजहां के तीनों युवक उसे पहले से परेशान कर रहे थे।
घर के आस-पास गाड़ी लेकर घूमते रहते थे। इनकी वजह से किशोरी ने रास्ता बदलने की भी बात बताई। किशोरी ने बताया कि आरोपी तीनों युवक बार-बार शिवम को मारने की धमकी देते थे, इसलिए वह किसी से शिकायत नहीं करती थी। शुक्रवार को भी तीनों युवक बंधे पर किशोरी को अकेला पाकर पहले पूछते रहे कि तुम शिवम से बात करती हो, उसको छोड़ दो, यह सब कहते हुए गालियां देने लगे।
किशोरी का बयान लिया गया है। उसने छेड़छाड़ की बात बताई है, दुष्कर्म से इन्कार किया है। तहरीर के आधार केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी