गोरखपुर। सहालग का सीजन समाप्त होते ही ड्राइफ्रूट्स और मसालों के भाव टूटने लगे हैं। काजू, जीरा, लाल मिर्च, लहसुन के भाव में 10 से लेकर 50 रुपये तक कमी आई है। जबकि छोटी इलाइची, किसमिस, बादाम व मखाना के भाव में तेजी बरकरार है। मसालों के थोक कारोबारियों के मुताबिक फरवरी से मार्च तक नए मसाले आ जाएंगे। आगे मसालों के भाव फसल पर निर्भर करेंगे।
मसालों के थोक कारोबारी सतीश चंद्र गुप्ता के मुताबिक सहालग का सीजन समाप्त होने पर ड्राइफ्रूट्स और मसालों के भाव में नरमी स्वभाविक है। पिछले एक सप्ताह में जीरा 20, लाल मिर्च 10 और काजू में 50 रुपये प्रति किलो की कमी आई है। थोक में लहसुन का भाव 50 रुपये गिराकर 250 रुपये किलो बिक रहा। इसका असर फुटकर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। छोटी इलाइची, किसमिस, मखाना, बादाम के भाव में तेजी बरकरार है।
साहबगंज थोक किराना मंडी में रविवार को जीरा 280 से 300, लाल मिर्च 260 से 280, धनिया 85 से 105, हल्दी 190 से 200, छोटी इलाइची, 3000 से 3500, बड़ी इलाइची 1800 से 2000, गोल मिर्च 450 से 650 रुपये प्रतिकिलो देखने को मिला। ड्राइफ्रूट्स के थोक कारोबारी सतीश गुप्ता के मुताबिक काजू के भाव में 50 रुपये की नरमी आई है। साहबगंज किराना मंडी में नारियल 180 से 220, किसमिस 200 से 250, काजू 800 से 900, बादाम 750 से 800, मखाना 1000 से 1200, छुहारा 180 से 250 रुपये प्रति देखने को मिला।