अब 10 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन, कुल 46 पदों के लिए निकली है नियुक्ति
प्रोफेसर के 23, एसोसिएट प्रोफेसर के 14 और असिस्टेंट प्रोफेसर के नौ पदों पर होगी नियुक्ति
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन की तिथि विस्तारित कर दी गई है। अब अभ्यर्थी 10 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। तिथि विस्तारित करने के पीछे विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य यह है कि इससे अधिक से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
एमएमएयूटी में स्थायी 46 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए सितंबर महीने में आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनमें प्रोफेसर के 23, एसोसिएट प्रोफेसर के 14 और असिस्टेंट प्रोफेसर के नौ पद शामिल हैं। पिछले वर्ष भी विश्वविद्यालय में शिक्षकों के 110 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी। उसमें 76 पदों पर ही नियुक्ति हो पाई थी। इस तरह कुल 34 पद रिक्त रह गए थे।
इसके बाद दो शिक्षकों की अचानक मृत्यु, कुछ के सेवानिवृत्त हो जाने और कुछ के संस्थान छोड़ जाने के कारण ये रिक्तियां बढ़कर 46 हो गई हैं।
पिछली बार प्रोफेसर के 22 पदों के लिए विज्ञापन निकला था लेकिन योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण सभी पद रिक्त रह गए थे। एसोसिएट प्रोफेसर के 31 में से 20 पद ही भर पाए थे। असिस्टेंट प्रोफेसर का एक पद भी रिक्त रह गया था। इस बार आईटी की दो, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल की छह-छह, कंप्यूटर साइंस की नौ, केमिकल की दो, मैकेनिकल की सात, सिविल की 10, अर्थशास्त्र, गणित और प्रबंधन की एक-एक सीटों पर रिक्तियां निकली हैं।