राजघाट क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस ने एक रेस्टोरेंट पर मारा छापा, भीतर मिला हुक्का बार
पुलिस ने तिवारीपुर क्षेत्र के रेस्टोरेंट संचालक को पकड़ा
गोरखपुर। शहर में एक रेस्टोरेंट में हुक्का बार संचालित पाया गया है। राजघाट क्षेत्र में बुधवार की रात रेस्टोरेंट पर छापा मारकर पुलिस ने तिवारीपुर क्षेत्र के घासीकटरा नई काॅलोनी निवासी हुक्का बार संचालक मो. साकिद (20) को दबोच लिया। इस दौरान तीन हुक्के भी बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास एक मकान में रेस्टोरेंट में हुक्का बार चलाने की सूचना मिली थी। बुधवार की रात राजघाट थाने से पुलिस रेस्टोरेंट पर पहुंची तो एक युवक भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। उसकी पहचान रेस्टोंरेंट संचालक मो. साकिद के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार चलाता है। ताकि अच्छी कमाई हो सके।
पुलिस ने छानबीन की तो तीन हुक्का मिला। इस दौरान हुक्का बार में कोई नहीं मिला। पुलिस ने लाइसेंस मांगा तो साकिद नहीं दिखा सका। छानबीन कर पुलिस ने राजघाट थाने में आरोपी मो. साकिद पर तंबाकू उत्पाद अधिनियम में केस दर्ज किया है। हालांकि बाद में 20 हजार रुपये के मुचलके पर उसे छोड़ दिया गया।
हुक्का बार संचालक के मोबाइल की पुलिस ने जांच की
पुलिस ने मो. साकिद को पकड़ने के बाद उसके मोबाइल की भी जांच की। साकिद के पिता मो. आरिफ घर पर ही रहते हैं। जबकि उसके दो भाई निजी कंपनी में काम करते हैं। अभी 20 दिन पहले साकिद दोस्तों की मदद से रेस्टोरेंट खोला था। इस दौरान उसका सोशल मीडिया अकाउंट और फोटो गैलरी भी चेक की। मोबाइल से पुलिस को कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक से भी संपर्क कर चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसी कोई गतिविधि सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।