गगहा थाने में दोनों पक्षों ने किया समझौता, चेतावनी देकर किशोर की गलती को किया माफ
गगहा। पड़ोसी के पालतू कुत्ते के भौंकने से नाराज होकर गांव के ही एक किशोर ने जहरीली रोटियां दी थीं। इसे खाने से पालतू और दो आवारा कुत्तों की मौत हो गई थी। पुलिस से शिकायत के बाद किशोर ने आरोप स्वीकार करते हुए बताया कि उसने खाद की दुकान से सल्फास खरीदकर रोटी में मिलाया था।
उसने पड़ोसी के पालतू कुत्ते के सामने जहर मिली रोटियां फेंक दी थी, तब तक दो आवारा कुत्ते भी आ गए। तीनों कुत्ते जहरीली रोटी खाने से खून की उल्टी करने लगे। थोड़ी देर बाद तीनों की मौत हो गई।
किशोर (15) ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी का पालतू कुत्ता उसपर भौंकता था। कई बार काटने की भी कोशिश की। किसी तरह से इधर-उधर भागकर बच गया। इस वजह से वह दहशत में रहने लगा। आने-जाने में भी डर लगता था। इसलिए कुत्ते को मार डालने की साजिश रची। इसके बाद सल्फास खरीद कर रोटियों में मिलाया और कुत्ते के सामने फेंक दिया। उसे खाने के लिए दो आवारा कुत्ते भी आ गए।
पड़ोसी को किशोर पर शक था, इसलिए उसने गगहा थाने में शिकायत की थी। सोमवार को गगहा थाने में दोनों पड़ोसियों ने बच्चे की गलती माफ कर समझौता कर लिया। बच्चे को भी चेतावनी दी गई। वहीं तीनों कुत्तों को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया।