सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा क्षेत्र में बुधवार को सिकेंद्र निषाद (22) के अपहरण की झूठी सूचना पर पुलिस 12 घंटे तक परेशान रही। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने देर रात करीब 12:20 बजे कुशीनगर के पडरौना से सिकेंद्र को खोज निकाला। पूछताछ में पता चला कि युवक ने पिता की डांट से नाराज होकर उन्हें परेशान करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी रची थी।
दरअसल, चौरीचौरा पुलिस को बुधवार अपराह्न तीन बजे सरैया मरचहवा निवासी सिकेंद्र निषाद के अपहरण की सूचना मिली। घरवालों ने बताया कि बाइक सवार दो लोग बेटे को कुछ सुंघा कर उठा ले गए। इसके बाद पुलिस ने सड़क पर चेकिंग शुरू कर दी। सिकेंद्र ने घरवालों को कॉल कर अपहरण की सूचना दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्वीच ऑफ हो गया। पुलिस ने परिजनों से सिकेंद्र का मोबाइल नंबर लेकर सर्विलांस पर लगा दिया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया।
रात में सिकेंद्र का मोबाइल ऑन हुआ और उसने परिजनों काे व्हाट्सएप पर पेड़-पौधों और झाड़ियों का फोटो भेजा। साथ ही लिखा कि एक कमरे में उसे रखा गया है। वहां चार लोग पहले से बंद हैं। यह सुनकर घरवाले और घबरा गए। परेशान होकर फिर पुलिस को कॉल कर सारी जानकारी दी। तब तक पुलिस के पास सर्विलांस से सिकेंद्र की लोकेशन मिल गई। इसी दौरान जांच पड़ताल में सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें अकेले पैदल जाते हुए सिकेंद्र दिख रहा है।
लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस रात करीब 11 बजे कुशीनगर जिले में हाटा पहुंची। तब तक सिकेंद्र का मोबाइल फिर स्वीच ऑफ हो गया। वहां करीब आधे घंटे तक पुलिस ने जांच की। इस दौरान एक बार फिर मोबाइल ऑन हुआ। रात करीब 12 बजे पुलिस लोकेशन के आधार पर पडरौना पहुंची, जहां सड़क पर पैदल टहलते हुए सिकेंद्र मिल गया।
पिता से बदला लेने के लिए रची झूठी कहानी
पुलिस ने पूछताछ की तो सिकेंद्र ने बताया कि पिता उसे जेब खर्च के लिए हर माह दो हजार रुपये देते हैं। उसी के हिसाब-किताब को लेकर पिता ने डांट दिया था। इससे वह परेशान होकर घर से निकल गया। पिता को परेशान करने के लिए उसने अपहरण की झूठी सूचना दी। पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को परिजनों को बुलाकर सिकेंद्र को सुपुर्द कर दिया गया। पिता संहू निषाद ने बताया कि इंटर फेल होने के बाद बेटे ने पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद छोटे-मोटे कामकाज करके जेब खर्च निकालता है। उसे वह भी खर्च देते हैं। बेटा मानसिक रूप से बीमार भी चल रहा है। उसे पाकर घरवाले बहुत खुश हुए।
वर्जन
चौरीचौरा में युवक के अपहरण की सूचना मिली थी। जांच पड़ताल में कहानी झूठी लग रही थी। देर रात सर्विलांस की मदद से युवक को कुशीनगर से पुलिस ने खोज निकाला। युवक ने पिता से बदला लेने के लिए झूठी सूचना दी थी।
-जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी