गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 9 पर गोरखधाम ट्रेन में यात्रियों को लाइन लगा कर बैठते आ
हर कोच के सामने मुस्तैद रही आरपीएफ, लाइन लगवाकर चढ़ाया, शौचालय से बाहर निकाला गया यात्रियों को
गोरखपुर। दिवाली और छठ के बाद बिहार से आने वाली ट्रेनों में ठसाठस भीड़ हो रही है। सोमवार को गोरखधाम एक्सप्रेस में भीड़ बढ़ी तो आरपीएफ के जवानों ने लाइन लगवाकर यात्रियों को कोच में चढ़ाया। शौचालय में घुसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसी तरह वैशाली एक्सप्रेस में भी पायदान पर लटके यात्रियों को सख्ती से नीचे उतरा गया। दोनों ट्रेनों में करीब तीन सौ से ज्यादा यात्री सवार नहीं हो सके। इन्हें शाम छह बजे प्लेटफॉर्म नौ से गोरखपुर-आनंद विहार क्लोन ट्रेन चलाकर भेजा गया।
सोमवार को रेल प्रशासन सुबह से ही सतर्क रहा। दिल्ली होकर बठिंडा जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में रोजाना की तरह भीड़ जुटी। जनरल श्रेणी के कोच में बड़ी मुश्किल से यात्री से सवार हो पाए। सभी चार कोच कुछ देर में पूरी तरह भर गए। यात्रियों को जैसे-तैसे ही जगह मिली। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि अंदर बैठे यात्रियों का जैसे दम घुटने लगा। कुछ यात्री शौचालय में बैठे थे, उन्हें बाहर कराया गया। स्टेशन डायरेक्टर भी पहुंचकर निगरानी करने लगे। इसी तरह बिहार से आने वाली वैशाली, बिहार संपर्क क्रांति और सप्तक्रांति एक्सप्रेस में भी भीड़ अधिक रही। बड़ी मुश्किल से कुछ यात्री ट्रेन में सवार हो सके।
पूछताछ केंद्र पर लगी रही भीड़
ट्रेनों की सटीक जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ जुटी रही। यात्री झीनक यादव ने बताया कि परिवार सहित पुणे जाना है। ट्रेन की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। यहां भी बोर्ड पर ट्रेन के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
एक और लिफ्ट हुई खराब, दिव्यांग की हुई सांसत
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। प्लेटफॉर्म एक पर लिफ्ट पहले से खराब थी। सोमवार को तीन व चार पर लगी लिफ्ट भी खराब हो गई। दोपहर में प्लेटफॉर्म तीन पर ट्रेन से आए एक दिव्यांग को फुट ओवरब्रिज पर चढ़ने में काफी दिक्कतें हुई। हाथ के सहारे किसी तरह वह सीढि़यों पर चढ़कर एफओबी तक पहुंचे। उन्होंने रेल प्रशासन की व्यवस्था को जमकर कोसा।