तहरीर गैर इरादतन हत्या की दी, पुलिस ने हिट एंड रन में मौत की लगाई धारा
मृतक के पिता ने सहजनवां पुलिस पर लगाया आरोपियों से साठगांठ का आरोप
कार्रवाई की मांग को लेकर परिवार संग मुख्यमंत्री जनता दरबार में लगाएंगे गुहार
सहजनवां। थाना क्षेत्र के पाली बनकटवां निवासी आकाश निषाद (17) की पीट-पीटकर हत्या के मामले ने सहजनवां पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने थाने में साफ तौर पर मामूली टक्कर के बाद हुई पिटाई में बेटे की मौत की तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने केस को कमजोर करने की नीयत से इसे लापरवाही से वाहन चलाने, मानव जीवन को खतरे में डालते हुए चोट पहुंचाने, हादसे में मौत, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने का मामला बना दिया। इससे आरोपियों को आसानी से जमानत मिल जाएगी और हत्या का मामला सड़क हादसे में बदलकर दब जाएगा।
सहजनवां कस्बे में सोमवार देर रात बाइक से मामूली टक्कर के बाद आरोप है कि नाराज युवकों ने साथियों संग मिलकर आकाश निषाद (17) की पीट-पीटकर हत्या कर थी। वहीं बीच बचाव करने पहुंचे उसके चार दोस्तों रंजीत, विशाल, नीतू और निक्की को भी अधमरा कर दिया। इधर घटना के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सड़क जाम की तो पुलिस-प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के आश्वासन दिया था। इसके बाद देर शाम पुलिस की मौजूदगी में आकाश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इसके साथ ही आकाश के पिता दिलीप कुमार की तहरीर पर बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया था।
बुधवार को थाने पहुंचे आकाश के पिता ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने उनके बेटे को बेरहमी से पीटा था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने हत्या की धाराओं में कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन बुधवार को जब उन्होंने दर्ज केस की कॉपी देखी तो पता चला कि पुलिस ने केस हिट एंड रन के तहत दर्ज किया है। परिजन यह जानकर वह चौक गए कि उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या को पुलिस ने सड़क हादसे का रूप दे दिया है।
पुलिस की मिलीभगत से बचाए जा रहे आरोपी
मृतक के पिता दिलीप ने सहजनवां पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मिलीभगत है। मेरे बेटे की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस ने हमारे जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। आरोपियों से साठगांठ कर जानबूझकर केस को कमजोर किया है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में परिवार समेत पहुंचकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
कोट
प्राथमिक जांच में हादसे में युवक की मौत की बात सामने आई है। परिजनों के आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी नार्थ