अफसरों और कर्मचारियों को आज दिया जाएगा प्रशिक्षण
गोरखपुर। जीडीए में सभी कार्य ऑनलाइन करने के लिए तैयारी तेज हो गई है। मार्च तक अधिकांश कार्य ऑनलाइन कराने के लिए अफसरों व कर्मचारियों को शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान कार्य में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों पर भी चर्चा होगी।
ई- ऑफिस राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस कार्यक्रम के अंतर्गत एक मिशन मोड प्रोजेक्ट (एमएमपी) है। यह साफ्टवेयर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की ओर से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य, प्रदेश सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों एवं कार्यालयों में होने वाले समस्त कार्यों को ऑनलाइन करना है। जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि प्राधिकरण में ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने की तैयारी तेज कर दी गई है।
सचिव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि ई-आफिस प्रणाली लागू होने से एक क्लिक पर फाइलें खुल जाएंगी और उनकी स्थिति जांची जा सकेगी। निर्धारित समय में फाइलों का निस्तारण हो सकेगा और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि कुछ फाइलें इस सिस्टम से भेजी जा रही हैं। लेकिन, कर्मचारियों को रूटीन के कार्य में दिक्कत आ रही है। इसीलिए शुक्रवार सुबह 11 बजे से सभी को ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया है, जिससे कि दिक्कतों का समाधान कराया जा सके। प्रयास है कि मार्च में सभी कार्य ई-ऑफिस सिस्टम से होने लगे।